उलझ गया हूँ मैं
जीवन के चक्रव्यूह में
न ज्ञात है कि कैसे आगमित हुआ यहाँ
न ज्ञात है कि कैसे निर्गमन करूँगा यहाँ से
कोई अभिमन्यु भी तो नहीं
जो सीखा हो अंदर आने की कला
मैं तो कुछ निर्णयों और कुछ परिस्थितियों के कारणवश
यहाँ पहुँच गया
अब न दिखाई देता है
कोई पथ बहिर्गमन का
प्रत्येक दिशा में जो है
वह कोई आत्मीय है
मैं कोई अर्जुन भी नहीं
कि श्रीकृष्ण से गीता सुनकर
अपनों पर अस्त्र उठा सकूँ
फिर आत्मरक्षा कोई धर्मयुद्ध जैसा
महत्त्वाकांक्षी लक्ष्य भी नहीं
अनेक जन इस जीवन से मृत्यु तक की
यात्रा पूर्ण कर चुके हैं
कुछ शीघ्र, कुछ विलंब से
परंतु दिशा तो सभी की यही है
अब मेरे पग शिथिल हो चुके हैं
जन्मजात प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया क्षीण हो गई है
सम्मुख से आते हुए अस्त्र-शस्त्र से रक्षण हेतु
अब तो हाथ भी नहीं उठते
प्रत्येक प्रहार शिखा को मंद किए जाता है
केवल प्रतीक्षा है उस अंतिम आघात की
जो विलीन कर देगा मुझे उस अनंत में
जहाँ से सर्वस्व आता है
और जिसमें सर्वस्व समाहित हो जाता है
यही है मेरी चक्रव्यूह से मुक्ति
यही है मेरी चक्रव्यूह से मुक्ति।