प्रश्न

प्रश्न तो बहुत से हैं

मुझे तुम से मेरे भविष्यवक्ता

जीवन स्वास्थ्य खुशी कारोबार

प्यार के रिश्ते रिश्तों में प्यार

अपना और अपनों का

रक्त रंजित सपनों का

उत्तर भी बहुत हैं

तुम्हारे पास भविष्यवक्ता

ना मैं वापस आऊंगा तुम से लड़ने

अगर तुम गलत होगे

ना ही धन्यवाद कहने

अगर तुम सही होगे

पर अगर तुम सही हुए

मेरे जीवन के दुखों की

भविष्यवाणी मे

तुम तो सच हो जाओगे

पर मैं सब जान कर भी

सब हार जाऊंगा

कौतूहल तो बहुत है

भविष्य का

पर साहस नहीं है

ना सच का और ना ही झूठ का

भविष्य एक पहेली ही रहे

तो जीवन का प्रवाह चलता रहता है

प्रश्न तो बहुत से हैं

मुझे तुम से मेरे भविषयवक्ता

पर वर्तमान के हर क्षण को

बिना अच्छा या बुरा सोचे

स्वीकार कर लेना ही जीवन है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *